सागर-मकरोनिया जलावर्धन योजना का मुख्य अभियंता ने किया औचक निरीक्षण, कलेक्टर और निगमायुक्त से की चर्चा, शाहपुर में ट्रायल रन की तैयारियों के दिए निर्देश
सागर।
सागर और मकरोनिया क्षेत्र के नागरिकों को सुचारू पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित की जा रही ‘सागर-मकरोनिया जलावर्धन योजना’ को जल्द से जल्द पूरी मजबूती के साथ चालू करने की कवायद तेज हो गई है। इसी सिलसिले में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम ‘मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी’ (MPUDC) के मुख्य अभियंता श्री शैलेन्द्र शुक्ला ने परियोजना क्षेत्र का धरातलीय निरीक्षण किया
इस दौरान उन्होंने परियोजना की बारीकियों को समझा और मैदानी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
उच्चाधिकारियों से की विस्तृत चर्चा
दौरे के दौरान मुख्य अभियंता श्री शैलेन्द्र शुक्ला ने सागर कलेक्टर सुश्री प्रतिभा पाल एवं नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री से विशेष भेंट की। इस उच्च स्तरीय बैठक में जलावर्धन योजना की वर्तमान संचालन व्यवस्था, आ रही तकनीकी चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य अभियंता ने स्पष्ट किया कि प्रशासन और अर्बन डेवलपमेंट कंपनी आपसी समन्वय के साथ इस महत्वकांक्षी योजना का लाभ जनता तक पहुंचाए।
शाहपुर में ट्रायल रन की तैयारी, रोपे गए पौधे
सागर-मकरोनिया का जायजा लेने के बाद मुख्य अभियंता श्री शुक्ला ने जलावर्धन योजना (पैकेज-6आई) के तहत नगर परिषद शाहपुर (जिला सागर) का भी सघन भ्रमण किया। उन्होंने शाहपुर में आगामी ट्रायल रन की तैयारियों की समीक्षा की और संचालन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों व कर्मचारियों को मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
मुख्य अभियंता ने जोर देकर कहा कि ट्रायल रन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस निरीक्षण दौरे को यादगार और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए जल शोधन संयंत्र (WTP) परिसर में मुख्य अभियंता एवं अन्य अधिकारियों द्वारा वृक्षारोपण भी किया गया। इस दौरान विभाग के संबंधित खंडीय अधिकारी, कंसलटेंट और निर्माण एजेंसी के कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


