जावर पेयजल योजना का तेजी से पूरा करें कार्य, मुख्य अभियंता शैलेन्द्र शुक्ला ने दिए सख्त निर्देश
जावर (सीहोर)।
नगर परिषद जावर में आमजन को शुद्ध और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित निर्माणाधीन पेयजल योजना की प्रगति का जायजा लेने मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के मुख्य अभियंता श्री शैलेन्द्र शुक्ला एवं परियोजना प्रबंधक श्री सुबोध जैन ने संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचते हुए संबंधित एजेंसी और संविदाकार को तय समय-सीमा के भीतर सभी शेष कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
दूधी नदी इंटेक वेल और लेबर कैंप का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले दूधी नदी पर बनाए जा रहे इंटेक वेल का अवलोकन किया।
इस दौरान जल संसाधन विभाग द्वारा निर्मित डैम के नाला क्लोजिंग कार्य की समीक्षा की गई। मुख्य अभियंता ने कार्यस्थल पर बने लेबर कैंप का भी निरीक्षण किया और वहां काम कर रहे श्रमिकों से सीधे बातचीत की। उन्होंने श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
श्रमिकों द्वारा व्यक्त की गई व्यवस्थाओं पर मुख्य अभियंता ने संतोष जताया, साथ ही संविदाकार को मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, रेलिंग और पेंटिंग जैसे शेष कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
WTP और उच्च जलाशय का निरीक्षण, परिसर में किया पौधारोपण
इसके पश्चात मुख्य अभियंता एवं परियोजना प्रबंधक ने जावर स्थित निर्माणाधीन जल शोधन संयंत्र (WTP) और योजना के तहत बन रहे 250 किलोलीटर क्षमता के उच्च जलाशय (OHT) का बारीक अवलोकन किया। निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए अधिकारियों ने प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकारियों ने डब्ल्यूटीपी परिसर में पौधारोपण भी किया।


