बालाघाट में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर, एएनसी कवरेज शत-प्रतिशत करने के निर्देश
भोपाल, 24 सितंबर
उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने गुरुवार को मंत्रालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बालाघाट जिले में स्वास्थ्य सेवाओं, खसरा-रूबेला, डायरिया और मलेरिया नियंत्रण की समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को समन्वय के साथ मैदानी स्तर पर निगरानी और उपचार व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।
सभी पंचायतों को सुमन पंचायत बनाने का लक्ष्य

उपमुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि बालाघाट की सभी पंचायतों को सुमन पंचायत के रूप में विकसित करने के लिए गंभीरता से काम किया जाए। गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत पंजीयन और एएनसी जांच, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान, नियमित फॉलोअप, संस्थागत प्रसव और प्रसवोत्तर देखभाल सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि जिले में एएनसी कवरेज 90 प्रतिशत तक पहुंचा है, जिसे अब शत-प्रतिशत किया जाना है। जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल में भर्ती कराने और बर्थ वेटिंग होम की सुविधाओं का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए
खसरा-रूबेला और डायरिया पर निगरानी
खसरा-रूबेला की रोकथाम के लिए बुखार और दाने वाले संदिग्ध मामलों की निगरानी की जा रही है। नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों के लिए कैच-अप राउंड और ORI अभियान चलाया जा रहा है। अब तक करीब 27 हजार बच्चों का टीकाकरण किया गया है, जबकि ORI अभियान में 1 से 10 वर्ष तक के करीब 15 हजार बच्चों को वैक्सीन दी गई है।
डायरिया नियंत्रण के लिए 1,63,902 परिवारों को ओआरएस और 1,60,431 परिवारों को जिंक उपलब्ध कराया गया। गंभीर रूप से बीमार 734 बच्चों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया गया। जिला अस्पताल में बाल रोग बेड 50 से बढ़ाकर 150 और PICU बेड 10 से बढ़ाकर 21 किए गए हैं।
मलेरिया की 26,865 लोगों की जांच
मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर स्क्रीनिंग के लिए 15 टीमें काम कर रही हैं। 19 जुलाई से अब तक 26,865 लोगों की जांच में 980 मलेरिया प्रकरण सामने आए। इनमें 895 पी. फाल्सीपैरम और 85 पी. वाइवैक्स के मामले शामिल हैं।
मलेरिया नियंत्रण के लिए 71 गांवों के 7,065 घरों में कीटनाशक का छिड़काव और 44 गांवों के 8,610 घरों में थर्मल फॉगिंग की गई। इसके लिए एक सलाहकार, चार मलेरिया टेक्निकल सुपरवाइजर और 112 कम्युनिटी हेल्थ वालंटियर तैनात किए गए हैं।
6 मोबाइल मेडिकल यूनिट से दूरस्थ गांवों तक सेवाएं
बिरसा और बैहर विकासखंडों में 6 मोबाइल मेडिकल यूनिट तैनात हैं। इनके जरिए बुखार स्क्रीनिंग, ओपीडी, एएनसी-पीएनसी, एनसीडी और टीबी स्क्रीनिंग, दवा वितरण तथा स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। करीब 50 गांवों तक स्क्रीनिंग का विस्तार किया गया है।
जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए 51 नए बॉन्ड डॉक्टरों ने जॉइन किया है। इसके अलावा एएनएम, सीडीपीओ और सुपरवाइजर सहित आवश्यक मैदानी अमले की तैनाती की गई है।
₹332 करोड़ के प्लान से स्वास्थ्य व्यवस्था होगी मजबूत
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बालाघाट इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट प्लान के तहत ₹332 करोड़ के विशेष प्रावधान किए जा रहे हैं। इसके तहत 22 उप स्वास्थ्य केंद्रों/आयुष्मान आरोग्य केंद्रों में मरम्मत और उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विठती और सानमुद्दा को 30-बेड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन किया जाएगा। घुम्मूर और पाथरी के दो उप स्वास्थ्य केंद्रों को 6-बेड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा 2 नई मोबाइल मेडिकल यूनिट और 10 नए उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित करने का प्रावधान है।
बैठक में एमडी एनएचएम डॉ. सलोनी सिडाना, बालाघाट कलेक्टर कुमार सत्यम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


