नवरात्रि और दशहरा पर्व को लेकर घंसौर व किन्दरई थाने में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर हुई चर्चा
घंसौर/किन्दरई।
आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए घंसौर और किन्दरई थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में अधिकारियों ने दुर्गा पंडाल समितियों के पदाधिकारियों, डीजे संचालकों, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को शासन के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी।
घंसौर थाना परिसर में आयोजित बैठक में एसडीएम, एसडीओपी, तहसीलदार और थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, निर्धारित नियमों का पालन करने और आपसी सहयोग से आयोजन संपन्न कराने की अपील की। इस दौरान उपस्थित लोगों से सुझाव भी लिए गए।
वहीं, किन्दरई थाना परिसर में एसडीओपी रीना पांडे और नायब तहसीलदार परते की उपस्थिति में बैठक हुई।
इसमें सरपंचों, कोटवारों, ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों और क्षेत्रवासियों को दुर्गा पंडालों में पर्याप्त व्यवस्था रखने, बिजली की सुरक्षित व्यवस्था करने और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का नियमानुसार उपयोग करने की समझाइश दी गई।
अधिकारियों ने किसी भी तरह की अवांछनीय गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने और पर्व के दौरान शांति एवं सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को सहयोग का भरोसा दिलाया।


