नई दिल्ली के विज्ञान भवन में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, अटल, हिंदी और सुशासन’ पर बोलेंगे डॉ. अशोक भार्गव
नई दिल्ली के विज्ञान भवन में 30-31 अक्टूबर को आयोजित होगा महासम्मेलन, 17 देशों के प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा, ‘विकसित भारत 2047’ के विजन पर भी होगा गहन मंथन।
नई दिल्ली।
विश्व हिंदी परिषद द्वारा देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में 30 और 31 अक्टूबर को दो दिवसीय भव्य अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में मध्य प्रदेश कैडर के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं रीवा तथा शहडोल संभाग के पूर्व कमिश्नर डॉ. अशोक कुमार भार्गव (आईएएस) को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। सम्मेलन के दौरान डॉ. भार्गव ‘भारत रत्न अटल : हिंदी, राष्ट्रवाद और सुशासन’ विषय पर अपना विशेष व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे।
यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के व्यक्तित्व, राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान, हिंदी के प्रति अनन्य अनुराग और सुशासन के आदर्शों पर केंद्रित है।
सम्मेलन में 17 देशों के प्रतिनिधि, अंतरराष्ट्रीय भाषाविद, प्रख्यात शिक्षाविद, नीति निर्माता और अनेक गणमान्य विद्वान सम्मिलित होंगे। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प और वैश्विक मंच पर भारत की बढ़ती भूमिका पर भी गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
राजनीति में संवाद, सहमति और शुचिता के प्रणेता थे अटल जी
व्याख्यान से पूर्व अपने विचार साझा करते हुए डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने भारतीय राजनीति और लोकतंत्र में संवाद, सर्वसम्मति और शुचिता की जो सुदृढ़ परंपरा स्थापित की, वह आज भी पूरे देश और भावी पीढ़ी के लिए अनुकरणीय है।
उन्होंने कहा कि अटल जी एक प्रखर राष्ट्रभक्त, संवेदनशील कवि, ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी जननायक थे, जिन्होंने हर विपरीत परिस्थिति में देश को एक नई और सकारात्मक दिशा दी।
संयुक्त राष्ट्र में हिंदी का मान और वैश्विक पहचान
डॉ. भार्गव ने रेखांकित किया कि अटल जी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक पटल पर सामरिक व कूटनीतिक रूप से अपनी सशक्त पहचान बनाई।
संयुक्त राष्ट्र संघ (UN) की महासभा में पहली बार हिंदी में भाषण देकर उन्होंने वैश्विक मंच पर राष्ट्रभाषा का मस्तक गर्व से ऊंचा किया था। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रधर्म और भारतीय संस्कृति के संवर्धन को समर्पित रहा।


