शर्मनाक मऊगंज में बाजार से लौट रही किशोरी को अगवा कर बहुती जलप्रपात ले गए दरिंदे, दो युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, दोनों गिरफ्तार
मऊगंज।
मऊगंज जिले से रिश्तों और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां बाजार से अपने घर लौट रही एक 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी को जबरन बाइक पर बैठाकर अगवा किया गया और फिर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बहुती जलप्रपात (वाटरफॉल) ले जाकर दो युवकों द्वारा उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।
इस वीभत्स घटना की भनक लगते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों नामजद आरोपियों को दबोच लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात बीते मंगलवार की बताई जा रही है। पीड़िता जब बाजार से अपने घर की तरफ जा रही थी, तभी रास्ते में घात लगाए बैठे दो युवकों ने उसे जबरन अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। आरोपी किशोरी को डरा-धमकाकर सीधे बहुती जलप्रपात ले गए, जहां सुनसान जगह का फायदा उठाकर दोनों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कृत्य किया।
घटना के बाद बदहवास हालत में घर पहुंची पीड़िता ने परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मऊगंज पुलिस तत्काल एक्शन में आई। पीड़िता को तुरंत महिला पुलिस अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर उसके बयान दर्ज कराए गए और उसकी काउंसिलिंग की गई।
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2)एम, 70(2), 137(2), 87 के साथ-साथ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और एससी-एसटी (SC-ST) एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया।

मामला दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान समीर अंसारी (21 वर्ष) पिता इजहार अली खान और ऐफाज मोहम्मद उर्फ सोनू (25 वर्ष) पिता रिजवान अंसारी के रूप में हुई है, जो मऊगंज के ही निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। इस त्वरित कार्रवाई के बाद इलाके में तनावपूर्ण शांति है, वहीं पुलिस बल मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटा है।


