संजय गाँधी अस्पताल सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंक शर्मा बने नए अधीक्षक, विवादित बोल के बाद डॉ. राहुल मिश्रा को हटाया गया
रीवा।
संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय में सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंक शर्मा को अस्पताल का नया संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक नियुक्त किया गया है। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने 1 सितंबर 2026 को इस संबंध में औपचारिक आदेश जारी कर डॉ. राहुल मिश्रा को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है।

श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय के जनरल सर्जरी विभाग के प्राध्यापक एवं विभागाध्यक्ष डॉ. प्रियंक शर्मा को आगामी आदेश तक अस्पताल के अधीक्षक का प्रभार सौंपा गया है।
हाल ही में अस्पताल में भर्ती प्रसूता कल्पना मिश्रा और उसके नवजात शिशु की मौत के बाद परिजनों से बातचीत के दौरान तत्कालीन अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में उनकी विवादित टिप्पणी (“22 साल की बहन को गर्भवती करवा दिया…”) सामने आने के बाद भारी आक्रोश फैल गया था।
इस वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत कई राजनेताओं और आम जनता ने सोशल मीडिया पर अस्पताल प्रबंधन और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए डॉ. मिश्रा पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।
जच्चा-बच्चा की मौत और इलाज में लापरवाही के आरोपों की पड़ताल के लिए शासन स्तर पर 7 सदस्यीय जांच समिति पहले ही गठित की जा चुकी है, जो मामले की जांच कर रही है।


