पूर्व कमिश्नर डॉ. अशोक कुमार भार्गव ‘कर्मयोगी सम्मान’ से अलंकृत, उज्जैन में राज्यसभा सांसद बालयोगी उमेश नाथ जी महाराज ने प्रदान किया सम्मान
उज्जैन
भारतीय ज्ञानपीठ महाविद्यालय, उज्जैन में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के पूर्व वरिष्ठ अधिकारी और रीवा एवं शहडोल संभाग के पूर्व कमिश्नर डॉ. अशोक कुमार भार्गव को ‘कर्मयोगी डॉ. कृष्णमंगल सिंह कुलश्रेष्ठ स्मृति सम्मान-2026’ से विभूषित किया गया।
उन्हें यह सम्मान प्रशासनिक सेवाओं में समर्पित भाव, संवेदनशीलता और उत्कृष्ट लोकसेवा के लिए प्रदान किया गया है।
सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद व राष्ट्रीय संत बालयोगी श्री उमेश नाथ जी महाराज रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री प्रेमनारायण नागर ने की। अतिथियों ने डॉ. भार्गव को शॉल, श्रीफल व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।
सम्मान ग्रहण करते हुए डॉ. भार्गव ने कहा कि प्रशासन केवल व्यवस्था संचालन नहीं, बल्कि जनसेवा का पवित्र माध्यम है और स्व. कुलश्रेष्ठ जी का जीवन सदैव समाज सेवा के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियां भी हुईं सम्मानित
कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वाली अन्य विभूतियों को भी कर्मयोगी सम्मान प्रदान किया गया।
शिक्षा: महर्षि पाणिनि संस्कृत एवं वैदिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. शिवशंकर मिश्र
न्याय: मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति डॉ. अनिल वर्मा
कला व संस्कृति: वरिष्ठ रंगकर्मी श्री सतीश दवे
समारोह में संस्थान प्रमुख युधिष्ठिर कुलश्रेष्ठ, निदेशिका अमृता कुलश्रेष्ठ सहित प्रबुद्धजन, शिक्षाविद् और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


