मध्य प्रदेश में एडीबी सहायतित परियोजनाओं की गति से संतुष्ट हुआ एशियन डेवलपमेंट बैंक, त्रिपक्षीय बैठक में कार्यों की हुई सराहना
चंडीगढ़/भोपाल
एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी), भारत सरकार और विभिन्न राज्य सरकारों के बीच चंडीगढ़ में आयोजित त्रिपक्षीय समिति की बैठक में एडीबी सहायतित परियोजनाओं की प्रगति की व्यापक समीक्षा की गई।
बैठक में मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा संचालित एडीबी एडीशनल फाइनेंसिंग परियोजनाओं के प्रदर्शन पर एडीबी प्रतिनिधियों ने गहरा संतोष व्यक्त किया।
बैठक में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के मुख्य अभियंता शैलेन्द्र शुक्ला ने राज्य में चल रहे विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति साझा की।
उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में संचालित सभी परियोजनाएं तीव्र गति से आगे बढ़ रही हैं और इन्हें तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने के लिए सुनियोजित प्रयास किए जा रहे हैं।
एनओसी की बाधाएं दूर, निर्माण कार्यों में आई तेजी
परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली प्रशासनिक चुनौतियों का जिक्र करते हुए शैलेन्द्र शुक्ला ने स्पष्ट किया कि विभिन्न विभागों से संबंधित अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) और अन्य आवश्यक वैधानिक अनुमतियों से जुड़ी समस्याओं का लगभग समाधान कर लिया गया है। इस गतिरोध के हटने से निर्माण कार्यों की रफ्तार काफी तेज हुई है।
एडीबी प्रतिनिधियों ने की प्रयासों की सराहना
बैठक में उपस्थित एडीबी और केंद्र सरकार के अधिकारियों ने मध्य प्रदेश द्वारा समस्याओं के त्वरित समाधान और परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए उठाए गए कदमों की सराहना की।
बैंक प्रतिनिधियों ने माना कि राज्य सरकार के इन प्रयासों से शहरी अवसंरचना और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को नई दिशा मिलेगी।


