गूंजी हिन्दी विश्व में, स्वप्न हुआ साकार : विज्ञान भवन में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न
पूर्व कमिश्नर डॉ. अशोक कुमार भार्गव बोले – अटल जी ने राष्ट्रसंघ के मंच से हिन्दी को दिलाया वैश्विक गौरव, हिन्दी की बात करने के बजाय हिन्दी में बात करना जरूरी।
नई दिल्ली
“हिन्दी भारत की आत्मा और राष्ट्रीय अस्मिता की पहचान है। हिन्दी की बात तो बहुत होती है, लेकिन हिन्दी में बात कम होती है। जिस दिन हम हिन्दी में बात करना शुरू कर देंगे, उस दिन हिन्दी से जुड़ी अधिकांश समस्याएं स्वतः समाप्त हो जाएंगी।”
यह विचार रीवा-शहडोल संभाग के पूर्व कमिश्नर व सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी डॉ. अशोक कुमार भार्गव ने व्यक्त किए।
वे विज्ञान भवन, नई दिल्ली में विश्व हिन्दी परिषद द्वारा आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ‘भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी : हिन्दी, राष्ट्रवाद और सुशासन’ विषय पर बतौर विशिष्ट अतिथि संबोधित कर रहे थे।
सम्मेलन का विधिवत उद्घाटन पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने किया।
मातृभाषा में हो उच्च शिक्षा

डॉ. भार्गव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी हिन्दी के प्रति गहरी निष्ठा रखते थे, साथ ही सभी भारतीय भाषाओं का हृदय से सम्मान करते थे। अटल जी का स्पष्ट मत था कि उच्च शिक्षा का माध्यम भी मातृभाषा में होना चाहिए।
जब विद्यार्थी अपनी मातृभाषा में ज्ञान अर्जित करता है, तो उसमें बेहतर समझ, तार्किक विश्लेषण क्षमता, आत्मविश्वास और अपनी संस्कृति के प्रति जुड़ाव का सहज विकास होता है।
यूएन के मंच से हिन्दी का शंखनाद
संयुक्त राष्ट्र संघ में अटल जी के ऐतिहासिक हिन्दी संबोधन का उल्लेख करते हुए डॉ. भार्गव ने कहा कि उन्होंने वैश्विक मंच पर हिन्दी के स्वाभिमान को स्थापित कर भारत की सांस्कृतिक पहचान को नया आयाम दिया।
उस ऐतिहासिक क्षण को याद करते हुए उन्होंने अटल जी की पंक्तियां साझा कीं:
“गूँजी हिन्दी विश्व में स्वप्न हुआ साकार,
राष्ट्रसंघ के मंच से हिन्दी की जयकार,
हिन्दी की जयकार हिंद हिन्दी में बोला,
देख स्वभाषा प्रेम विश्व अचरज में डोला।”
राष्ट्रवाद और सुशासन का समन्वय
डॉ. भार्गव ने रेखांकित किया कि अटल जी का राष्ट्रवाद ‘राष्ट्र प्रथम’ और ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना पर आधारित था। उनके लिए भारत केवल जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि एक जीता-जागता राष्ट्रपुरुष था।
सुशासन के संदर्भ में उन्होंने बताया कि अटल जी ने पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार मुक्त संवेदनशील प्रशासन को धरातल पर उतारा।
स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, नदी जोड़ो अभियान, सर्व शिक्षा अभियान, किसान क्रेडिट कार्ड और पोखरण परमाणु परीक्षण जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने भारत को सामरिक व आर्थिक आत्मनिर्भरता की नई दिशा दी।
17 देशों के प्रतिनिधि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विशिष्ट मंच पर विदेश राज्य मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक एवं परिषद के मुख्य संरक्षक इंद्रेश कुमार, विश्व हिन्दी परिषद के अध्यक्ष पद्मभूषण डॉ. यार्लगड्डा लक्ष्मी प्रसाद, महासचिव डॉ. विपिन कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. डी.एस. मिश्रा और राष्ट्रीय समन्वयक नंद किशोर साहा मौजूद रहे।
सम्मेलन में अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, नीदरलैंड्स, जापान सहित 17 देशों के प्रतिनिधि, साहित्यकार और प्रबुद्धजन शामिल हुए।


