शिशिर गेमावत ने मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के अपर प्रबंध संचालक का कार्यभार संभाला, परियोजनाओं में तेजी लाने के दिए निर्देश
भोपाल।
भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2018 बैच के अधिकारी शिशिर गेमावत ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के अपर प्रबंध संचालक का कार्यभार ग्रहण किया। वे वर्तमान में नगरीय विकास एवं आवास विभाग में अपर आयुक्त के पद पर पदस्थ हैं।
कार्यभार संभालने के बाद शिशिर गेमावत ने कंपनी के संगठनात्मक ढांचे, कार्यप्रणाली और विभिन्न शाखाओं की गतिविधियों की जानकारी ली।
इस दौरान कंपनी के मुख्य अभियंता शैलेन्द्र शुक्ला ने उन्हें जल प्रदाय और सीवरेज परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति, निर्माण कार्यों की प्रगति और तकनीकी पहलुओं से अवगत कराया।
रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश
शिशिर गेमावत ने कंपनी में खाली पदों पर भर्ती प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता से परियोजनाओं का संचालन और क्रियान्वयन बेहतर तरीके से किया जा सकेगा।
उन्होंने नगरीय विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने और निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का समय पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
गतिशक्ति पोर्टल पर जानकारी अपडेट करने पर जोर
अपर प्रबंध संचालक ने प्रधानमंत्री गतिशक्ति पोर्टल पर परियोजनाओं से संबंधित जानकारियों को नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि पोर्टल पर सभी जरूरी जानकारियां समय पर दर्ज की जाएं, जिससे परियोजनाओं की निगरानी बेहतर हो सके और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा सके।


