पन्ना में दबंगई, काम का भुगतान न मिलने पर तीन भाइयों ने वनरक्षक को घेरा, डंडों से बेरहमी से पीटा और फाड़ दी सरकारी वर्दी मामला दर्ज
पन्ना जिले से शासकीय कार्य में बाधा डालने और ऑन-ड्यूटी सरकारी कर्मचारी पर जानलेवा हमला करने का एक गंभीर मामला सामने आया है।
पन्ना जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के इटवांकला गांव में काम का भुगतान न मिलने से नाराज तीन सगे भाइयों ने मिलकर बीट भ्रमण पर निकले एक वनरक्षक को बीच रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने वनरक्षक को घेरकर न सिर्फ गंदी-गंदी गालियां दीं, बल्कि डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
इस झूमाझटकी के दौरान आरोपियों ने वनकर्मी की सरकारी वर्दी के बटन तोड़कर उसे बुरी तरह फाड़ दिया। पीड़ित वनरक्षक की शिकायत पर पन्ना कोतवाली पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूरी घटना को लेकर मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित वनरक्षक रोहित गुप्ता (34 वर्ष) पुत्र लखनलाल, निवासी हरदी धरमपुरा, पन्ना टाइगर रिजर्व की दक्षिण बांधी बीट पर तैनात हैं और वर्तमान में चौकी कॉलोनी इटवांकला में रहते हैं।
बीते मंगलवार, 14 जुलाई की शाम करीब 5:30 बजे रोहित गुप्ता अपनी सरकारी वर्दी में बीट भ्रमण के लिए मोटरसाइकिल से निकले थे। जब वे भ्रमण कर इटवांकला रोड से वापस लौट रहे थे, तभी गांव के वीरेंद्र चौरहा के घर के पास उनके पुत्र रामजी चौरहा ने वनरक्षक का रास्ता रोक लिया। रामजी ने वनकर्मी से बीट में करवाई गई तलैया खुदाई के काम के भुगतान को लेकर सवाल किया और विवाद करना शुरू कर दिया।

वनरक्षक रोहित गुप्ता ने आरोपी को समझाने का प्रयास करते हुए बताया कि काम के भुगतान के संबंध में रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जा चुकी है और इस बारे में पन्ना कार्यालय से जानकारी ली जा सकती है।
वनरक्षक की इतनी बात सुनते ही रामजी चौरहा भड़क गया और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर रामजी के दो भाई धीरेंद्र चौरहा और श्यामजी चौरहा भी लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गए। तीनों भाइयों ने मिलकर वनरक्षक रोहित गुप्ता को घेर लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
इसी बीच श्यामजी ने वनरक्षक की वर्दी का कॉलर पकड़ लिया, जबकि रामजी और धीरेंद्र ने डंडों से उन पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हमले के दौरान श्यामजी ने खींचतान करते हुए वर्दी के बटन तोड़ दिए और सरकारी वर्दी फाड़ दी।
इस अचानक हुए हमले से वनकर्मी रोहित गुप्ता के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपियों ने जाते-जाते वनरक्षक को जान से मारने की धमकी भी दी।
आरोपियों ने कहा कि यदि उनके काम का पैसा जल्द नहीं मिला, तो अगली बार वे उसे जान से मार डालेंगे। पीड़ित वनरक्षक ने घटना की जानकारी तुरंत अपने वरिष्ठ अधिकारियों और पन्ना कोतवाली पुलिस को दी।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी रामजी चौरहा, धीरेंद्र चौरहा और श्यामजी चौरहा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 132, 121(1), 351(3) और 3(5) के तहत शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट और बलवा करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।


