UGC कानून के खिलाफ अनोखा विरोध, खून से लिखे पत्र से पीएम मोदी से की कानून वापसी की मांग।

यूजीसी के नए कानून के विरोध में अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज के प्रदेश सचिव सतीश चौबे और श्रावण सेना के जिला अध्यक्ष अनुराग मिश्रा ने अनोखे और कड़े तरीके से विरोध दर्ज कराया है।
दोनों नेताओं ने अपने खून से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस कानून को तुरंत वापस लेने की मांग की है। इस विरोध में मुकेश पांडे, प्रकाश मिश्रा और संदीप तिवारी भी शामिल रहे।
प्रदेश सचिव सतीश चौबे ने आरोप लगाया कि यूजीसी का नया कानून समाज को विभाजित करने वाला है और इससे सामान्य वर्ग के अधिकारों का हनन हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह कानून शैक्षणिक संस्थानों में असंतुलन पैदा करेगा और सामाजिक वैमनस्य को बढ़ावा देगा, जो देश की एकता और समरसता के लिए घातक है।
अनुराग मिश्रा ने कहा कि सरकार को जनभावनाओं के विरुद्ध कोई भी कानून थोपने से पहले व्यापक संवाद करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यूजीसी कानून को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और यह विरोध देशव्यापी रूप ले सकता है।
खून से लिखे पत्र के माध्यम से प्रधानमंत्री से भावनात्मक अपील करते हुए नेताओं ने कहा कि यह कानून सामाजिक सौहार्द के लिए खतरा है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।
फिलहाल इस पूरे मामले पर सरकार या यूजीसी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन इस विरोध के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।


