मऊगंज।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘सेवा पखवाड़ा’ को लेकर मऊगंज भाजपा कार्यालय में मंगलवार को जिलास्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ।
कार्यशाला में भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. राजेंद्र मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल एक कार्यक्रम जनसेवा का जनांदोलन है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा राष्ट्रहित, सांस्कृतिक गौरव और सेवा पर आधारित है और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। डॉ. मिश्रा ने युवाओं को स्वदेशी और आत्मनिर्भर भारत जैसे विचारों से जोड़ने का आह्वान किया और कहा, विकसित भारत केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि सिद्धि का मार्ग है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से महात्मा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस सेवा पखवाड़े को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मंत्र ’ ‘सेवा परमोधर्मः सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है।
नेताओं ने रखे विचार
भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि सेवा पखवाड़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्पित नेतृत्व को समर्पित है। उन्होंने कहा कि मोदी जी का जीवन और कार्यशैली कार्यकर्ताओं के लिए पथप्रदर्शक है।
भाजपा नेता एस. एस. तिवारी ने कहा कि भाजपा जनता का विश्वास सेवा, समर्पण और सुशासन के माध्यम से अर्जित कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता जानती है कि भाजपा की नीयत साफ और नीति स्पष्ट है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मंडल और बूथ स्तर पर जाकर सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी घर-घर तक पहुँचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष सुनील शुक्ला ने किया।


