आपकी पुलिस आपके द्वार अभियान के तहत चिरहुला कॉलोनी में लगी जन चौपाल, महिला सुरक्षा और साइबर क्राइम पर हुई चर्चा
रीवा।
रीवा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) श्री गौरव राजपूत जी के निर्देशन में जिले भर में आपकी पुलिस आपके द्वार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत बिछिया थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 44, चिरहुला कॉलोनी में एक भव्य जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस प्रचंड गर्मी और लू के भारी थपेड़ों के बीच आयोजित हुए इस कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों का भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम अमृत लाल मिश्रा की अगुआई में आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के लगभग 300 वरिष्ठ महिला व पुरुष शामिल हुए।
इन गंभीर मुद्दों पर स्थापित हुआ संवाद
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित किया और वर्तमान समय की मुख्य चुनौतियों पर जनचर्चा की
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने मुस्तैदी का भरोसा दिया और किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत पुलिस को सूचित करने की अपील की।
क्षेत्र को नशामुक्त बनाने और युवाओं को इस लत से बचाने के लिए पुलिस और जनता ने मिलकर काम करने का संकल्प लिया।
आजकल बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराधों से बचने के लिए नागरिकों को जागरूक किया गया और सुरक्षा टिप्स साझा किए गए।
जनता की मांग – अपराधियों के लिए कठोर हो पुलिस

कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए स्थानीय गणमान्य नागरिकों ने अपने-अपने विचार साझा किए
पुलिस का जनता के प्रति व्यवहार हमेशा सकारात्मक होना चाहिए ताकि लोग बिना किसी डर के अपनी व्यथा बता सकें। लोगों का कहना था कि पुलिस की कार्यशैली ‘मुद्दई (पीड़ित) के लिए विनम्र और अपराधियों के लिए कठोर’ होनी चाहिए। समाज में पुलिस और पब्लिक के बीच बेहतर तालमेल से न सिर्फ अपराधों में कमी लाई जा सकती है, बल्कि अपराधियों को आसानी से चिन्हित भी किया जा सकता है।
जनता की बातों का जवाब देते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) श्री राजीव पाठक जी ने कहा जब कोई फरियादी अपनी फरियाद लेकर आता है, तो पुलिस को कानून के दायरे में रहकर पूरी प्रमाणिकता सिद्ध करनी होती है। अक्सर कार्रवाई के दौरान जिसके विरुद्ध एक्शन लिया जाता है, वह पक्ष पुलिस का विरोधी बनकर आरोप लगाने लगता है। इसके बावजूद पुलिस पूरी निष्पक्षता से हमेशा जनसेवा के लिए कार्यरत रहती है।
गरिमामाई उपस्थिति
इस विशेष जन चौपाल कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगर पुलिस अधीक्षक श्री राजीव पाठक और बिछिया थाना प्रभारी (प्रशिक्षु आईपीएस) श्री राजीव अग्रवाल जी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मौजूद रहे प्रमुख गणमान्य नागरिक वार्ड के वरिष्ठ रमेश कुंजवानी, संतोष पेयासी, ममता सिंह, कौशलेन्द्र सिंह, सत्यब्रत सिंह, पीयूष तिवारी, दिप्पू सरपंच चुआ, नीरज तिवारी, जित्तू तिवारी, सुशील मिश्रा, कौशलेश मिश्रा, आशीष सेन, मोनू साकेत, बब्बू सोंधिया, जे.पी. शर्मा, एस.पी. सिंह, उपेंद्र शेखर पाण्डेय, सत्यदेव पाण्डेय, अजीत सिंह, अनूप सिंह, देवेंद्र मांगलम मिश्रा और सोम शंकर त्रिपाठी सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।


