ट्रांसफर के नाम पर चार्ज पर चार्ज, एमएसएमई विभाग में प्रभारी प्रबंधकों को महाप्रबंधक की कमान
रीवा।

मध्यप्रदेश के MSME विभाग में हाल ही में जारी प्रभार आदेशों ने विभागीय हलकों में नई बहस छेड़ दी है। विभाग में इसे चार्ज के ऊपर चार्ज की व्यवस्था बताते हुए कई अधिकारी सवाल उठा रहे हैं। चर्चा इस बात को लेकर है कि जिन अधिकारियों का मूल पद सहायक प्रबंधक तृतीय श्रेणी कार्यपालिक है और जो वर्तमान में प्रभारी प्रबंधक के रूप में कार्यरत हैं उन्हें महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र का प्रभार सौंपा गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबोध कुमार श्रीवास्तव को मंडीदीप, शिवशंकर सिंह को निवाड़ी, सुरेश कुमार गोस्वामी को भिण्ड, राममूर्ति खरे को अनूपपुर, जेपी तिवारी को रीवा तथा अजय तिवारी को शिवपुरी जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक का प्रभार दिया गया है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार एमपीपीएससी के माध्यम से चयनित 2016, 2017 और 2019 बैच के 45 से अधिक वर्ग.2 राजपत्रित अधिकारी प्रबंधक सहायक संचालक वर्तमान में विभाग में कार्यरत हैं। इसके बावजूद प्रभारी प्रबंधकों को महाप्रबंधक का प्रभार दिए जाने से कई अधिकारियों में असंतोष व्याप्त बताया जा रहा है।
प्रभावित अधिकारियों का कहना है कि यह व्यवस्था विभागीय पदानुक्रम, वरिष्ठता और योग्यता के संबंध में कई प्रश्न खड़े करती है।
विभाग के भीतर यह चर्चा भी है कि यदि नियमित रूप से चयनित राजपत्रित अधिकारी उपलब्ध हैं तो उन्हें दरकिनार कर प्रभारी व्यवस्था के माध्यम से उच्च पदों का प्रभार सौंपने के पीछे क्या प्रशासनिक आधार अपनाया गया।
सूत्रों का कहना है कि इस फैसले के बाद कई प्रभावित अधिकारियों में निराशा और असंतोष का माहौल है तथा वे इसे अपने कैरियर की प्रगति और सेवा व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा मान रहे हैं।
यही कारण है कि विभाग के भीतर इस आदेश को लेकर चर्चाएं लगातार तेज हो रही हैं। कुछ अधिकारियों ने प्रभार को लेकर हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रहे हैं।


