नर्मदापुरम सीवरेज परियोजना की धीमी प्रगति पर मुख्य अभियंता सख्त, 30 सितंबर तक सिविल कार्य पूरा करने के निर्देश
भोपाल।
नर्मदापुरम में चल रही सीवरेज परियोजना की धीमी प्रगति पर मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी के मुख्य अभियंता शैलेन्द्र शुक्ला ने नाराजगी जताई है। परियोजना के निर्माणाधीन स्थलों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने संविदाकार को पर्याप्त श्रमिक, मशीनरी और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान भूमिगत सीवरेज पाइपलाइन और मलजल शोधन संयंत्र के कार्यों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाई गई। इस पर मुख्य अभियंता ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने तथा 30 सितंबर तक सिविल कार्य पूर्ण करने के लिए कार्य सुधार योजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
क्षतिग्रस्त पाइपलाइन तत्काल सुधारने के निर्देश
मुख्य अभियंता शैलेन्द्र शुक्ल ने मीनाक्षी चौक पर अमृत योजना के तहत क्षतिग्रस्त हुई पाइपलाइन के सुधार कार्य को तत्काल पूरा कर जलापूर्ति बहाल करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना के कारण आम नागरिकों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
समय-सीमा में काम पूरा नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई
मुख्य अभियंता ने संविदाकार को निर्धारित समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तय समय में कार्य पूरा नहीं होने पर अनुबंध की शर्तों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही मलजल शोधन संयंत्र की बाउंड्री वॉल के आसपास पौधरोपण कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि परियोजना क्षेत्र को बेहतर और हरित स्वरूप दिया जा सके।
निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना अधिकारी संजय पाण्डेय, सहायक परियोजना प्रबंधक राहुल समाधिया, उपयंत्री प्रवीण शाक्य, उपयंत्री अखिल जंबूरकर, केएफडब्ल्यू टीम लीडर, संविदाकार के प्रोजेक्ट मैनेजर नरेन्द्र सहित तकनीकी स्टाफ मौजूद रहा।


