भोपाल।
मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों बैठकों और मुलाकातों का दौर तेज होता दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और दोनों उपमुख्यमंत्रियों की गतिविधियों ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं को बढ़ा दिया है। वहीं, भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं का दिल्ली दौरा भी लगातार जारी है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को एक बार फिर दिल्ली पहुंचे। इससे पहले वे 9 सितंबर को दुबई से लौटने के बाद भी कुछ समय के लिए दिल्ली में रुके थे। इसी दौरान प्रदेश के अन्य वरिष्ठ नेताओं की भी दिल्ली में सक्रियता देखने को मिली।
राजेंद्र शुक्ल ने अमित शाह से की मुलाकात
उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल की शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात हुई। इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि मुलाकात के एजेंडे को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
इससे एक दिन पहले उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल अलग-अलग समय पर राज्यपाल से मिलने लोक भवन पहुंचे थे। दोनों नेताओं की राज्यपाल से मुलाकात को मुख्य न्यायाधीश के शपथ ग्रहण समारोह से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि बाद में दोनों नेताओं के दोबारा लोक भवन पहुंचने को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं।
15 दिनों में तीन बार दिल्ली पहुंचे हेमंत खंडेलवाल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल भी पिछले कुछ समय से लगातार दिल्ली के दौरे पर हैं। बताया जा रहा है कि करीब 15 दिनों के भीतर वे तीन बार दिल्ली जा चुके हैं। इस दौरान उनकी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात हुई।
गुरुवार को ही दिल्ली से लौटे खंडेलवाल से शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई। इसे सत्ता और संगठन के बीच समन्वय के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में बदलाव पर चर्चा की अटकलें
मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की मुलाकात को लेकर राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म है। माना जा रहा है कि बैठक में सत्ता-संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों के साथ संभावित मंत्रिमंडल विस्तार और नए प्रदेश मीडिया प्रभारी की नियुक्ति जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
हालांकि मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष दोनों ने इस मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया पर कोई तस्वीर या विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।
वीडी शर्मा की अमित शाह से मुलाकात
उधर, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने भी शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। वीडी शर्मा ने मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए बताया कि खजुराहो क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों पर केंद्रीय गृह मंत्री के साथ चर्चा हुई।
इस तरह दिल्ली और भोपाल में भाजपा के शीर्ष नेताओं के बीच लगातार हो रही मुलाकातों ने मध्य प्रदेश के राजनीतिक घटनाक्रम को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है।
17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
इसी बीच मध्य प्रदेश भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की घोषणा की है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में चलाया जाएगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान अभियान की जानकारी दी। अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश के 71 हजार से अधिक बूथों के लाभार्थी परिवारों तक पहुंचेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। इस दिन शाम 7 बजे लाभार्थी परिवारों के घर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर विकसित भारत-2047 के संकल्प का संदेश दिया जाएगा।
अभियान के दौरान रक्तदान, स्वच्छता अभियान, सेवा गतिविधियां, प्रदर्शनियां, संवाद और जनसंपर्क सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर भी सरकार का जोर
पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी भी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बड़ी संख्या में सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है और आने वाले समय में भी रोजगार के अवसर बढ़ाने की योजना है।
सरकार की ओर से सिंचाई क्षमता बढ़ाने, नए एयरपोर्ट और हवाई कनेक्टिविटी को विस्तार देने सहित कई विकास कार्यों पर भी जोर दिया जा रहा है।
फिलहाल, दिल्ली से लेकर भोपाल तक भाजपा नेताओं की बढ़ती सक्रियता के बीच आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में क्या नया बदलाव देखने को मिलता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।



