नालंदा में देशभर के कुलपतियों के सामने APSU कुलपति ने रखा भारतीय ज्ञान परंपरा पर प्रतिवेदन
प्रो. राजेंद्र कुमार कुड़रिया ने देश की राज्य विश्वविद्यालयों में हो रहे कार्यों की दी जानकारी
रीवा।

नालंदा विश्वविद्यालय, राजगीर में भारतीय ज्ञान परंपरा को लेकर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय परिसंवाद में देशभर के शिक्षाविद, कुलपति, तकनीकी संस्थानों के निदेशक और विषय विशेषज्ञ शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैय्यद अता हसनैन ने किया।
नालंदा विश्वविद्यालय और शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के संयुक्त आयोजन में भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा और शोध से जोड़ने पर चर्चा हुई।
इस राष्ट्रीय मंच पर अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (APSU), रीवा के कुलपति प्रो. राजेंद्र कुमार कुड़रिया ने देश की राज्य विश्वविद्यालयों में भारतीय ज्ञान परंपरा को लेकर किए जा रहे कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्हें अलग-अलग राज्य विश्वविद्यालयों से जानकारी एकत्रित कर उसे एक साथ रखने और देशभर के कुलपतियों के सामने PPT के माध्यम से प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी मिली थी।
प्रो. कुड़रिया ने अपने प्रतिवेदन में विभिन्न विश्वविद्यालयों में भारतीय ज्ञान परंपरा को लेकर किए जा रहे कार्यों और प्रयासों की जानकारी साझा की। उन्होंने इस विषय पर अपने विचार भी रखे। राष्ट्रीय स्तर के इस मंच पर देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कुलपतियों और शिक्षाविदों के सामने APSU की ओर से प्रस्तुति दी गई।
परिसंवाद में भारतीय ज्ञान परंपरा को उच्च शिक्षा में शामिल करने, शिक्षकों को इसके लिए तैयार करने और विद्यार्थियों के पाठ्यक्रम में इससे जुड़े विषय शामिल करने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
प्राचीन ज्ञान को आधुनिक शिक्षा, तकनीक और शोध से जोड़ने पर भी विचार किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय महासचिव अतुल भाई कोठारी, नालंदा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सचिन चतुर्वेदी सहित कई शिक्षाविद और देश के विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। APSU रीवा से प्रोफेसर अतुल पांडे, विभागाध्यक्ष भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
देशभर के विश्वविद्यालयों में भारतीय ज्ञान परंपरा पर हो रहे कार्यों को एक साथ प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी और राष्ट्रीय मंच पर उसकी PPT प्रस्तुति APSU रीवा के लिए महत्वपूर्ण अकादमिक अवसर रही।


