कैलाशपुरी में नई पहल, पुलिस जन सहयोग से बनेगी 30 सदस्यीय समित।
रीवा।
वार्ड क्रमांक 9 कैलाशपुरी में आज नगर पुलिस अधीक्षक राजीव पाठक के मार्गदर्शन में एक सराहनीय पहल के तहत वार्ड समिति का गठन किया गया। इस अवसर पर पुलिस और आमजन के बीच स्वस्थ संवाद स्थापित करते हुए, वार्ड स्तर पर सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक ठोस कदम उठाया गया।
सभा में सर्वसम्मति से एड. पंकज उपाध्याय को वार्ड प्रभारी तथा रवि लाल पांडेय को सह-प्रभारी के रूप में चयनित किया गया। इसके अतिरिक्त, समिति में सेवानिवृत्त सैनिक, शिक्षा विभाग, अन्य शासकीय विभागों में पदस्थ अधिकारी, युवा अधिवक्ता, और सामाजिक कार्यों में सक्रिय सम्मानित नागरिकों को भी सदस्य बनाया गया है।
कुल मिलाकर, 30 सदस्यीय यह समिति वार्ड में सामाजिक समरसता, कानून व्यवस्था और जनहित के मुद्दों को लेकर पुलिस प्रशासन के साथ सक्रिय सहयोग प्रदान करेगी। इस पहल का उद्देश्य आमजन को पुलिस से जोड़ना, संवाद की खाई को पाटना और वार्ड स्तर पर शांति, सुरक्षा व समन्वय को बढ़ावा देना है।
पुलिस प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की यह पहल न सिर्फ सामाजिक जागरूकता को बढ़ाएगी, बल्कि सामुदायिक सहयोग से बेहतर और सुरक्षित वार्ड निर्माण में भी मील का पत्थर साबित होगी।


