रीवा में एक से बढ़कर एक पिकनिक स्पॉट अभी और बनेंगेे
रीवा।
नगर निगम क्षेत्र में झलबदरी तालाब का भी सौंदर्यीकरण कर जनता को सौंपने की तैयारी कर ली गई है। नगर निगम का यह चौथा सौंदर्यीकृत तालाब में से एक होगा। इसी के साथ कुबेर तालाब के सौंदर्यीकरण का भी कार्य प्रारंभ किया गया जिसमें अभी कुछ दिन और लगेगा। इस समय पर रीवा में एक से बढ़कर तालाब और पार्क जनता के लिए मनोरंजन के साथ व्यायाम के लिए मिल चुके है।
झलबदरी तालाब विश्वविद्यालय के समीप सिरमौर रोड में है। यह तालाब 18 एकड़ में फैला है। जिसका कैचमेंट एरिया 80 एकड़ में है। इसकी गहराई 3 मीटर के आसपास हैै। झलबदरी और कुबेर तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए 2 करोड़ 6 लाख रुपए की स्वीकृति मिली थी। जिसमें अकेले 1 करोड़ 56 लाख रुपए झलबदरी तालाब में खर्च किए जाने है।
सौंदर्यीकरण का 90 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। एजेंसी को इसी महीने लोकार्पण कराना है इसलिए कार्य में तेजी दिखने लगी है। इसके पहले रानीतालाब,चिरहुला, रतहरा तालाब का सौंदर्यीकरण किया गया। अब नगर निगम के वार्ड क्रमांक 9 के इन दोनों तालाबों के सौंदर्यीकरण का कार्य प्रारंभ किया गया है।
झलबदरी तालाब के सौंदर्यीकरण मेें स्टोन पिचिंग,स्टोन मेसनरी टो वॉल, बंड रेलिंग,इको फ्रेंडली पाथवे,गाद निकालकर वृक्षारोपण,चेन लिंक्ड,फेसिंग आदि शामिल है।
तलाब में 170 पेड़ और 95 सुंदर झाड़ियां भी लगाई जाएंगी। ताकि तालाब की सुंदरता में चार चांद लग सके। विश्वविद्यालय के आसपास के अलावा कैलाशपुरी के लोगों के लिए यह मनोरंजन का साधन होगा। यहां पर बैठकर लोग सकून की सांसे ले सकेगें।
इस तरह और भी घूमने फिरने और मनोरंजन के स्थान
तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जाकर जहां घूमने फिरने के लिए सुगम स्थान उपलब्ध कराए गए वहीं पार्क भी विकसित किए गए। रीवा में इको पार्क, रिवर फ्रंट,अटल पार्क,इंजीनियरिंग कालेज में नगर वन और विश्वविद्यालय परिसर में वन विहार का लोग आनंद उठा रहे है। बताया गया है कि झलबदरी तालाब के पास डोगरा हनुमान मंदिर से लगी जमीन में भी पार्क बनाए जाने की तैयारी की गई है।
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल का प्रयास है कि नगर निगम क्षेत्र के चारों कोने में आम जनता के लिए सुबह शाम घूमने के लिए ऐसे पार्कों का निर्माण होना चाहिए जहां पर वो अपने परिवार के साथ बैठकर सुकून के पल बिता सकें।


