“देशभर में बढ़ाया मध्यप्रदेश का मान: डॉ. अशोक कुमार भार्गव ‘भारत प्रतिभा सम्मान’ से सम्मानित”
अशोक कुमार भार्गव को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित समारोह में ‘भारत प्रतिभा सम्मान’ से अलंकृत किया गया। यह सम्मान उन्हें लोक प्रशासन, सामाजिक कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण एवं साहित्य के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट और परिणामोन्मुखी योगदान के लिए प्रदान किया गया।
नई दिल्ली के संसद मार्ग स्थित एनडीएमसी कन्वेंशन हॉल में आयोजित भव्य समारोह में दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, विश्वविख्यात शास्त्रीय नृत्यांगना एवं पूर्व राज्यसभा सांसद सोनल मानसिंह तथा सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता एवं इंडियन लीगल एड सेंटर के चेयरमैन प्रदीप राय ने डॉ. भार्गव को प्रशस्ति पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
डॉ. भार्गव, जो भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी, मोटिवेशनल स्पीकर और लेखक के रूप में भी अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं, ने अपने प्रशासनिक कार्यकाल में शिक्षा में गुणात्मक सुधार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्वाचन प्रक्रिया में नवाचार, महिला सशक्तिकरण, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, राष्ट्रीय पोषण अभियान तथा ग्रामीण विकास की योजनाओं में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। कोविड-19 नियंत्रण के दौरान उनके परिणामोन्मुखी प्रबंधकीय कौशल की भी व्यापक सराहना हुई थी।
डॉ. भार्गव को इससे पूर्व भी कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय सम्मानों से नवाजा जा चुका है। निर्वाचन प्रक्रिया में नवाचार के लिए उन्हें भारत के राष्ट्रपति द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार, जनगणना में उत्कृष्ट कार्य के लिए राष्ट्रपति पदक, ‘प्राइड ऑफ एमपी’ अवार्ड, ‘मालव गौरव सम्मान’, तीन बार नेशनल स्कॉच अवार्ड तथा तीन मुख्यमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार प्राप्त हो चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि ‘भारत प्रतिभा सम्मान’ के लिए देशभर से 5000 से अधिक नामांकन प्राप्त हुए थे। बहुस्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया और राष्ट्रीय जूरी की समीक्षा के बाद 14 श्रेणियों में चयनित विजेताओं की अंतिम सूची में डॉ. अशोक कुमार भार्गव को प्रथम स्थान पर चयनित किया गया।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने डॉ. भार्गव के प्रशासनिक अनुभव, जनकल्याणकारी दृष्टिकोण और समाज के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए इसे मध्यप्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।


