आपकी पुलिस आपके द्वार, गोविंदगढ़ में थाना प्रभारी ने लगाई जन चौपाल, मौक़े पर ही सुनीं ग्रामीणों की समस्याएँ।
रीवा (गोविंदगढ़)।
रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक (IG) गौरव राजपूत और पुलिस अधीक्षक (SP) गुरुकरण सिंह के कुशल मार्गदर्शन व विशेष दिशा-निर्देशों के अंतर्गत, आम जनता की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए आपकी पुलिस आपके द्वार अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण जन चौपाल का आयोजन किया गया।
गोविंदगढ़ क्षेत्र में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौर ने स्वयं ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को बेहद संवेदनशीलता के साथ सुना।

इस चौपाल का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आम जनता के बीच की दूरी को कम करना तथा ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार थाने के चक्कर काटने से मुक्ति दिलाना है।
थाना प्रभारी ने किया सीधा संवाद, मौके पर सुनीं समस्याएं

जन चौपाल के दौरान थाना प्रभारी अरविंद सिंह राठौर ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने ग्रामीणों की पारिवारिक समस्याओं, आपसी विवादों, जमीनी रंजिश और सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों को अत्यंत ध्यानपूर्वक सुना और उनके त्वरित निराकरण का भरोसा दिया।
साइबर क्राइम और नशामुक्ति के प्रति किया जागरूक
इस मौके पर पुलिस टीम ने ग्रामीणों से कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। इसके साथ ही उपस्थित अधिकारियों ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के तरीकों, महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनों और नशामुक्ति के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया।
जनता की जुबानी

पुलिस के इस जनहितैषी और संवेदनशील रवैये की ग्रामीणों ने खुलकर सराहना की। जनसत्ता को स्थानीय निवासी किशोर साकेत ने बताया कि पुलिस का सीधे जनता के द्वार तक आना कानून व्यवस्था के प्रति हमारे विश्वास को और अधिक मजबूत बना रहा है। अब हमें छोटी-छोटी बातों के लिए थाने भागने की जरूरत नहीं महसूस हो रही।
वंही मनोज कोल ने कहा कि पहले हमारे मन में पुलिस को लेकर एक डर और झिझक रहती थी। लेकिन थाना प्रभारी महोदय की बातों ने हमारे मन से वह डर पूरी तरह निकाल दिया है। अब हम समझ गए हैं कि पुलिस से डरने की नहीं, बल्कि बातचीत करके अपनी समस्या का समाधान पाने की जरूरत है।
थाने का स्टाफ रहा मौजूद
इस सफल जन चौपाल कार्यक्रम में गोविंदगढ़ थाना प्रभारी के साथ थाने के कई पुलिसकर्मी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस की इस अनूठी पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।
यह पहल पुलिस और जनता के बीच बढ़ते भरोसे की एक सकारात्मक तस्वीर पेश करती है।


