मनगवां विधायक इंजी. नरेन्द्र प्रजापति का नवाचार, प्रतीक्षालय के साथ रोजगार सृजन का अनूठा मॉडल
मनगवां, 05 जुलाई।
मनगवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं इंजीनियर नरेन्द्र प्रजापति अपनी विकासपरक और नवाचार आधारित कार्यशैली को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। विधायक निधि का उपयोग उन्होंने केवल आधारभूत सुविधाओं के निर्माण तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे स्थानीय युवाओं के रोजगार से जोड़ने का भी प्रयास किया है।
विधायक निधि से क्षेत्र में ग्रेवल सड़क, पीसीसी सड़क, नाली, पुलिया, चेक डैम, विद्यालय भवन, बाउंड्री वॉल तथा गौधाम जैसे विकास कार्य कराए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत गढ़ स्थित सरस्वती शिशु मंदिर तथा ग्राम पंचायत तिवनी के चौथियान टोला माध्यमिक विद्यालय परिसर में लगभग 60×60 फीट के विधायक परिसर का निर्माण कराया गया है।
इन परिसरों की विशेषता यह है कि यहां बैठक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं वैवाहिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे।
साथ ही परिसर में प्रतिष्ठान सहित प्रतीक्षालय भी बनाया गया है, जिसे स्थानीय बेरोजगार युवाओं को संचालित करने के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
इससे उन्हें स्वरोजगार का अवसर मिलेगा और परिसर की नियमित देखरेख भी सुनिश्चित होगी। इससे बेसहारा पशुओं एवं असामाजिक तत्वों के जमावड़े जैसी समस्याओं पर भी प्रभावी रोक लगेगी।
विधायक इंजी. नरेन्द्र प्रजापति ने बताया कि इस मॉडल को क्षेत्र के अन्य स्थानों पर भी लागू करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि विकास कार्यों को रोजगार सृजन से जोड़ने की यह पहल एक नई और सकारात्मक सोच का परिचायक है, जिसकी क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।


