मऊगंज की ग्राम पंचायत सूजी में लाखों के भ्रष्टाचार का आरोप, पेवर ब्लॉक, नाली और चबूतरा निर्माण में अनियमितता की शिकायत
ग्रामीणों ने भौतिक सत्यापन, दोषियों पर एफआईआर और शासकीय राशि की रिकवरी की मांग उठाई
मऊगंज।
जनपद पंचायत मऊगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत सूजी में विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये की वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में पेवर ब्लॉक, नाली एवं चबूतरा निर्माण कार्यों में शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने के लिए लगभग 8.42 लाख रुपये की राशि आहरित की गई, जबकि मौके पर कार्य की वास्तविक लागत करीब 1 लाख रुपये के आसपास ही दिखाई देती है। आरोप है कि शेष राशि का उपयोग कार्य में नहीं किया गया और निर्माण में भी घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया।

इसी प्रकार पंचायत क्षेत्र में कराए गए नाली निर्माण पर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं कराया गया है और पहली ही बारिश में इसके क्षतिग्रस्त होने की आशंका है।
इसके अलावा चबूतरा निर्माण के नाम पर करीब 4 लाख रुपये की राशि खर्च दर्शाई गई है, लेकिन धरातल पर उसके अनुरूप कार्य दिखाई नहीं देता। आरोप है कि रिकॉर्ड में निर्माण कार्य पूर्ण दिखाकर शासकीय राशि का दुरुपयोग किया गया।

मामले को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरे प्रकरण की भौतिक जांच (फिजिकल वेरिफिकेशन) कराने, दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने तथा अनियमित रूप से खर्च की गई शासकीय राशि की रिकवरी कराने की मांग की है।


