जन्मदिन समारोह से लौट रहे 5 युवकों की दर्दनाक मौत, NH-30 पर ट्रक में घुसी XUV एक गंभीर घायल
मैहर के नादन देहात थाना क्षेत्र में तड़के 2 बजे हुआ भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह; पुलिस जांच में जुटी
मैहर/रीवा।
मैहर जिले के नादन देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर सोमवार तड़के करीब 2 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में XUV सवार पांच युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सभी युवक जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मनोज पटेल के जन्मदिन समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार XUV (क्रमांक MP-19-L-1887) सड़क पर आगे चल रहे ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार युवक बुरी तरह फंस गए।

सूचना मिलते ही नादन देहात थाना पुलिस, डायल-112 और हाईवे पेट्रोल की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों और मृतकों को वाहन से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद सतना रेफर किया गया है।
पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और ट्रक के पीछे से टक्कर माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


