आकाशीय बिजली का कहर, पीपल के पेड़ के नीचे खड़े दो ग्रामीण झुलसे, हालत गंभीर
बारिश से बचने के लिए लिया था पेड़ का सहारा, बिजली गिरते ही दोनों हुए बेहोश आईसीयू में चल रहा उपचार
पन्ना।
जिले की जनपद पंचायत पन्ना अंतर्गत इटवाकला ग्राम पंचायत में सोमवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों तेज बारिश से बचने के लिए पीपल के पेड़ के नीचे खड़े थे, तभी अचानक बिजली उसी पेड़ पर गिर गई। हादसे के बाद दोनों अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल पन्ना में भर्ती कराया गया है, जहां आईसीयू में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, इटवाकला निवासी मथुरा प्रसाद मिश्रा उर्फ बड़े महाराज (48 वर्ष) और चिरौंजी लाल चौधरी (50 वर्ष) किसी निजी कार्य से गुन्नौर जा रहे थे। रास्ते में कोहनी क्षेत्र स्थित खेर माता मंदिर के पास तेज बारिश शुरू हो गई।
बारिश से बचने के लिए दोनों पास में मौजूद पीपल के पेड़ के नीचे रुक गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर गिर गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए।
बिजली का झटका इतना तेज था कि दोनों मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। कुछ देर बाद चिरौंजी लाल का बेटा उन्हें तलाशते हुए वहां पहुंचा और दोनों को अचेत अवस्था में देखा। परिजन तत्काल बाइक से दोनों को इटवाकला लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया गया।
जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, बिजली की चपेट में आने से दोनों ग्रामीणों के शरीर का लगभग आधा हिस्सा झुलस गया है। दोनों को आईसीयू में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है। फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।


