सतना में डिवाइडर से टकराकर पलटा हाइवा, लगी भीषण आग, चालक मौके से फरार
रीवा रोड पर देर रात हादसा, एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग, चालक के नशे में होने की आशंका
सतना।
जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत रीवा रोड पर सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार हाइवा डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे के कुछ ही क्षणों बाद वाहन में भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे हाइवा को अपनी चपेट में ले लिया। चालक वाहन से निकलकर मौके से फरार हो गया। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

पुलिस के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे नो-एंट्री समाप्त होने के बाद भारी वाहनों का आवागमन शुरू हुआ था। इसी दौरान रीवा की ओर से आ रहा हाइवा (एपी-31-टीएच-8001) फ्लाईओवर से उतरते समय अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और पलट गया। टक्कर के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112, कोलगवां थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक हाइवा पूरी तरह जल चुका था।
हादसे के चलते रीवा रोड की एक लेन पर देर रात तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि डिवाइडर से टकराने के बाद हाइवा का डीजल टैंक फट गया, जिससे आग तेजी से फैल गई। वाहन में लेटेराइट या बॉक्साइट जैसा खनिज लदा हुआ था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक भागते समय लड़खड़ा रहा था, जिससे उसके नशे में होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस वाहन के पंजीयन नंबर के आधार पर मालिक से संपर्क कर चालक की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।


