भारतीय ज्ञान परंपरा की राष्ट्रीय टोली में शामिल हुए APSU कुलगुरु प्रो. राजेंद्र कुमार कुड़रिया
नालंदा विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय परिसंवाद में देशभर के शिक्षाविदों के साथ करेंगे भारतीय ज्ञान परंपरा पर मंथन
रीवा।
अवधेश प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (APSU), रीवा के कुलगुरु प्रो. राजेंद्र कुमार कुड़रिया को भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े राष्ट्रीय स्तर के कार्य में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वे नालंदा विश्वविद्यालय, राजगीर में 21 और 22 सितंबर को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय परिसंवाद में देशभर के शिक्षाविदों के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा की समकालीन प्रासंगिकता पर विचार-विमर्श करेंगे।
नालंदा विश्वविद्यालय और शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास, नई दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस परिसंवाद का विषय ‘विकसित भारत के निर्माण में भारतीय ज्ञान परंपरा की भूमिका’ रखा गया है। कार्यक्रम में देशभर के शिक्षाविद, शोधकर्ता और विषय विशेषज्ञ भारतीय ज्ञान परंपरा को शिक्षा, शोध, नवाचार और सामाजिक विकास से जोड़ने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
प्रो. कुड़रिया को देश के विभिन्न राज्य विश्वविद्यालयों में भारतीय ज्ञान परंपरा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी एकत्रित कर उसका समेकित प्रतिवेदन तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों में हुए शोध, अध्ययन और भारतीय ज्ञान परंपरा के शैक्षणिक समावेश से जुड़े कार्यों को शामिल किया जाएगा। इस सामग्री का प्रस्तुतीकरण राष्ट्रीय स्तर पर किया जाएगा।
कार्यशाला में यह भी विचार किया जाएगा कि प्राचीन भारतीय ज्ञान को आधुनिक शिक्षा और तकनीक के साथ किस प्रकार जोड़ा जा सकता है। विज्ञान, तकनीक, कृषि, अर्थशास्त्र, इतिहास, राजनीति विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े उपलब्ध स्रोतों और ज्ञान का शोधपरक अध्ययन करने तथा उसे अकादमिक स्तर पर सामने लाने पर चर्चा होगी।
केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा भी भारतीय ज्ञान प्रणाली (IKS) को उच्च शिक्षा में बढ़ावा देने के लिए शोध केंद्रों, पाठ्यक्रमों, फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यक्रमों और अंतरविषयक शोध को प्रोत्साहित किया जा रहा है। मंत्रालय के अनुसार विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों में भारतीय ज्ञान प्रणाली से जुड़े शोध और पाठ्यक्रमों का विस्तार हुआ है।
नालंदा विश्वविद्यालय में होने वाले इस राष्ट्रीय आयोजन में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन उद्घाटन सत्र में शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा की समकालीन उपयोगिता पर व्यापक शैक्षणिक विमर्श के साथ विकसित भारत के संदर्भ में इसकी संभावनाओं पर विचार करना है।
इस राष्ट्रीय मंच पर APSU रीवा का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रो. राजेंद्र कुमार कुड़रिया द्वारा देशभर के विश्वविद्यालयों से संकलित जानकारी का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाना विश्वविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण अकादमिक जिम्मेदारी के रूप में देखा जा रहा है।


