तीन बार के विधायक पंचूलाल प्रजापति को विन्ध्य विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया है।
टिकट कटा, आंखें भर आईं लेकिन पार्टी नहीं छोड़ी आज उसी निष्ठा को मिला राज्य स्तर पर पुरस्कार।

मध्यप्रदेश शासन ने एक ऐसे नेता को राज्य की बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, जिसे न तो किसी परिवार की विरासत मिली, न कोई बड़े कारोबार का सहारा बस एक चीज रही, और वह थी पार्टी के प्रति अटूट निष्ठा। पंचूलाल प्रजापति, मनगंवा विधानसभा के पूर्व विधायक और विंध्य क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता, विंध्य विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया है।

यह वही पंचूलाल हैं जो 1998 में उस वक्त पार्टी का झंडा थामे खड़े थे जब भाजपा के लिए विंध्य में उम्मीदवार मिलना मुश्किल था। लगातार तीन बार 1998, 2003 और 2008 में विधायक बने। ग्राम पंचायत की गली से निकलकर राज्य की नीति की मेज तक का यह सफर आसान नहीं था।
जो नेता टिकट कटने पर भी पार्टी नहीं छोड़ता, वही असली कार्यकर्ता होता है और आज पंचूलाल प्रजापति की यह नियुक्ति इसी बात का प्रमाण है।
प्रजापति का राजनीतिक सफर
1998 → पहली बार विधायक (BJP)
2003 → दूसरी बार विधायक (BJP)
2008 → तीसरी बार विधायक (BJP)
2023 → टिकट कटा, पर पार्टी से जुड़े रहे
2026 → राज्य समिति अध्यक्ष नियुक्त
2023 का वह कठिन दौर
जब 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उनका टिकट काटा, तो पंचूलाल प्रजापति ने पत्रकार वार्ता में खुलकर नाराजगी जताई आंखें भर आईं, कारण नहीं बताया गया। लेकिन वे टूटे नहीं, पार्टी नहीं छोड़ी। यही वह पल था जिसने उनके चरित्र को परखा और परखने पर वे खरे उतरे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह नियुक्ति उन नेताओं के मुंह पर करारा जवाब है जो यह मानते थे कि बिना कारोबारी पृष्ठभूमि या राजनीतिक विरासत के कोई नेता राज्य स्तर तक नहीं पहुंच सकता। भाजपा को अक्सर ‘व्यवसायियों की पार्टी’ कहा जाता है लेकिन पंचूलाल प्रजापति ने ग्राम पंचायत से सफर शुरू कर यह धारणा तोड़ी।
समिति में कौन-कौन?
नई राज्य स्तरीय समिति में पंचूलाल प्रजापति अध्यक्ष होंगे, जबकि डॉ. अजय सिंह और संजय तिवारी उपाध्यक्ष के रूप में उनके साथ होंगे। यह समिति राज्य की विकास योजनाओं की निगरानी, आर्थिक प्रभाव का विश्लेषण, सांख्यिकीय डेटा से नीति निर्माण और बेहतर क्रियान्वयन के सुझाव देने का काम करेगी।
परिवार की राजनीतिक
पंचूलाल प्रजापति की पत्नी पन्ना बाई प्रजापति भी मनगंवा सीट से भाजपा के टिकट पर विधायक रह चुकी हैं। हालांकि कुछ लोग यह भी कहते हैं कि 2023 में पंचूलाल के बजाय उनकी पत्नी को टिकट दिलाने की कवायद भी पार्टी के भीतर के कुछ नेताओं की राजनीतिक चाल का हिस्सा रही ताकि वे मंत्री पद की दौड़ से बाहर रहें।
विंध्य विकास प्राधिकरण पृष्ठभूमि
विंध्य विकास प्राधिकरण मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र के नियोजित विकास के लिए गठित एक महत्वपूर्ण सरकारी निकाय है। रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, उमरिया और डिंडोरी जिलों के बुनियादी ढांचे, शहरी नियोजन, पर्यटन और आवास परियोजनाओं की देखरेख इसी के जिम्मे है। पंचूलाल प्रजापति इसी क्षेत्र के नेता हैं इसलिए यह नियुक्ति विंध्य के लिए भी शुभ संकेत है।


