रीवा के मनगवां में महिला स्व-सहायता समूह सशक्तिकरण सम्मेलन: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की 49.97 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की घोषणा
जब सरकार पवित्र भाव से चलती है, तो सूखा भी थम जाता है। – CM

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुधवार को गंगेव में महिला स्व-सहायता समूहों के सम्मेलन में शामिल होकर महिलाओं और किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने नारी सशक्तिकरण का सबसे बड़ा कार्यक्रम भोपाल में किया, अब गांव-गांव तक इसका असर दिखेगा।
लाड़ली बहना योजना में वृद्धि और रक्षाबंधन पर विशेष उपहार

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली मासिक सहायता राशि को आगामी तीन वर्षों में बढ़ाकर ₹3000 किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को विशेष उपहार स्वरूप अतिरिक्त राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि संपत्ति के पंजीयन में महिलाओं को 2% की छूट दी जा रही है, जिसके परिणामस्वरूप पिछले एक वर्ष में 70% संपत्तियों का पंजीयन महिलाओं के नाम पर हुआ है।
कृषि और सिंचाई के क्षेत्र में नई पहलें

मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए भी कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि रीवा जिले के हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाया जाएगा। किसानों को केवल ₹5 में सिंचाई के लिए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। अगले तीन वर्षों में 32 लाख किसानों को सोलर पंप प्रदान किए जाएंगे, जिससे वे बिजली बिलों से मुक्ति पा सकेंगे। अतिरिक्त बिजली को सरकार खरीदकर किसानों को आर्थिक लाभ देगी।
शिक्षा और खेल के क्षेत्र में विकास
मुख्यमंत्री ने मनगवां में स्टेडियम निर्माण और देवास हाई स्कूल के हायर सेकेंडरी स्कूल में उन्नयन की घोषणा की। इसके अलावा, मनगवां तिवनी मोड़ से प्रयागराज रोड तक 5.5 किलोमीटर लंबी टू लेन सीसी रोड का निर्माण किया जाएगा, जिसकी लागत ₹16.5 करोड़ होगी।
महिला सशक्तिकरण के लिए विशेष प्रयास

मुख्यमंत्री ने बताया कि महिला स्व-सहायता समूहों को उद्योग स्थापित करने के लिए छूट का लाभ दिया जाएगा। विंध्य क्षेत्र में रेडीमेड कपड़े बनाने के लिए प्रशिक्षण केंद्र शुरू किए गए हैं, जहां महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर हर महीने कम से कम ₹13,000 की आय प्राप्त कर सकेंगी।
स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में निवेश

मुख्यमंत्री ने 29.39 करोड़ रुपये की लागत से 6 निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया, जिसमें 10 उप स्वास्थ्य केंद्र भवन, 11 अमृत सरोवर, 7 सामुदायिक पार्क, 5 सामुदायिक भवन, जोधपुर नंबर एक से मुरली पहुंचमार्ग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगेव के 50 बिस्तरीय भवन का निर्माण शामिल है।
उप मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं के विचार

उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि मनगवां विधानसभा क्षेत्र को लगभग ₹50 करोड़ के निर्माण कार्यों की सौगात मिली है। सांसद श्री जनार्दन मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने मनगवां क्षेत्र को 6 लेन ओवरब्रिज और हिनौती गौधाम की सौगात दी है। विधायक श्री नरेंद्र प्रजापति ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए क्षेत्र में पॉलिटेक्निक कॉलेज, कन्या महाविद्यालय, खर्रा में कॉलेज, देवास हाई स्कूल के उन्नयन, गंगेव को तहसील बनाने, हर्दी में स्विमिंग पूल और हिनौती गौधाम में बांध निर्माण की मांग रखी।
पर्यावरण संरक्षण की पहल
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस की पूर्व संध्या पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और उपस्थितों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने बरैया तालाब के किनारे प्राचीन बम्बा देवी और काली माता मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
इस अवसर पर विधायक गुढ़ श्री नागेन्द्र सिंह, विधायक त्योंथर श्री सिद्धार्थ तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, जनपद अध्यक्ष श्री विकास तिवारी, पूर्व विधायकगण, वरिष्ठ समाजसेवी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं आमजन उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सम्मेलन में कन्या पूजन कर बेटियों का सम्मान किया और महिला स्व-सहायता समूह की सदस्यों को हितलाभ वितरित किए।


