भोपाल, 10 सितम्बर 2025
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगामी धार दौरे को लेकर मध्यप्रदेश सरकार ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बुधवार को उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में उच्चस्तरीय बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की।
बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने प्रदेश के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों की मौजूदा स्थिति और चल रही गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की चूक न हो, और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से सुनिश्चित की जाएं।
इस मौके पर श्री शुक्ल ने 17 सितम्बर से शुरू होने वाले “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान को व्यापक स्तर पर क्रियान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ते हुए पूरे परिवार को सशक्त बनाना है। उन्होंने इस अभियान की सतत मॉनिटरिंग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इसकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल्स में मेडिकल टीचर्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सेवा शर्तों, मानदेय और अन्य सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी को लेकर अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी गहन चर्चा की गई।
समीक्षा बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव श्री संदीप यादव, चिकित्सा शिक्षा आयुक्त श्री तरुण राठी, मिशन संचालक डॉ. सलोनी सिडाना और आयुष्मान मध्यप्रदेश के सीईओ डॉ. योगेश भरसट सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


