राजगढ़/दिल्ली।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ISIS से जुड़े टेरर मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में कुल 5 आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक आतंकी को मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा से पकड़ा गया है।

ब्यावरा से कामरान कुरैशी गिरफ्तार
ब्यावरा सिटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया कि बुधवार को दिल्ली पुलिस की टीम ब्यावरा पहुंची थी। यहां शहीद कॉलोनी निवासी कामरान कुरैशी को हिरासत में लेकर अपने साथ दिल्ली ले जाया गया। शुरुआती जानकारी में इसे आर्म्स एक्ट का मामला बताया गया। कामरान के परिजनों की स्थानीय स्तर पर वेल्डिंग की दुकान है।
IED बनाने का सामान बरामद
स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियों ने छापेमारी के दौरान IED बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार, रसायन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और कैश भी मिला है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए संदिग्धों में
- 2 दिल्ली से
- 1 ब्यावरा (मध्यप्रदेश) से
- 1 हैदराबाद (तेलंगाना) से
- 1 रांची (झारखंड) से गिरफ्तार हुआ।
रांची से टेरर मॉड्यूल का हेड अशरफ दानिश पकड़ा गया
रांची से गिरफ्तार अशरफ दानिश इस मॉड्यूल का सरगना है। उसके ठिकाने से देसी पिस्टल, कारतूस, हाइड्रोक्लोरिक और नाइट्रिक एसिड, सल्फर पाउडर, कॉपर शीट, बॉल बेयरिंग, स्ट्रिप वायर, इलेक्ट्रॉनिक सर्किट, लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद हुए।
दिल्ली से गिरफ्तार आफताब और सूफियान, दोनों मुंबई के रहने वाले हैं। इनके मुंबई स्थित ठिकानों पर भी छापे मारे गए, जहां से हथियार और विस्फोटक सामग्री मिली।
पाकिस्तान से जुड़े हैंडलर्स के संपर्क में थे आतंकी
पुलिस के अनुसार, सभी संदिग्ध सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के संपर्क में थे। ये आतंकी भारत में युवाओं को कट्टरपंथी बनाने, उन्हें अपने नेटवर्क में भर्ती करने और बड़े हमले की साजिश रचने की तैयारी कर रहे थे।
ऑनलाइन ग्रुप्स से फैलाते थे नफरत
दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आतंकी संगठन कई ऑनलाइन ग्रुप्स चलाकर सांप्रदायिक नफरत फैलाने और धार्मिक सद्भाव बिगाड़ने का काम कर रहा था। इसी केस में स्पेशल सेल ने अगस्त 2024 में रांची से डॉक्टर इश्तियाक को गिरफ्तार किया था।
पहले भी हुई थी कई गिरफ्तारियां
अशरफ दानिश उसी केस में वांटेड था और अब पकड़ा गया है। पिछले साल इसी मॉड्यूल से जुड़े 6 से 7 संदिग्धों को हरियाणा से भी गिरफ्तार किया गया था, जिन पर ट्रेनिंग देने का आरोप था।


