उप मुख्यमंत्री ने कहा – युवा ही राष्ट्र की सच्ची पूंजी
जनभागीदारी शिक्षकों व कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा
रीवा।
शासकीय ठाकुर रणमत सिंह स्वशासी महाविद्यालय, रीवा में गुरुवार को आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में प्रावीण्य सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को स्वर्ण पदक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के रूप में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष श्री राजेन्द्र ताम्रकार उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत माँ सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्वलन से हुई। प्राचार्य डॉ. अर्पिता अवस्थी ने महाविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, नवीन पाठ्यक्रमों और डीम्ड यूनिवर्सिटी बनाए जाने की दिशा में हो रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. अखिलेश शुक्ल ने किया। उपस्थित गणमान्य नागरिकों में नगर निगम अध्यक्ष श्री व्यंकटेश पाण्डेय और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल भी शामिल रहीं।
उप मुख्यमंत्री की घोषणा से खिले चेहरे
श्री शुक्ल ने समारोह को संबोधित करते हुए युवाओं को संस्कार, शिक्षा और सामाजिक चेतना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा:- सफलता के साथ संस्कृति का समावेश ही शिक्षा को पूर्ण बनाता है।
इस अवसर पर श्री शुक्ल ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के हित में मानदेय वृद्धि की घोषणा भी की:
जनभागीदारी एवं स्ववित्तीय शिक्षकों को ₹5000 प्रतिमाह की वृद्धि
कुशल श्रमिक – ₹2955
अर्धकुशल – ₹2613
अकुशल – ₹2470
(वृद्धि अगस्त पेमेंट से लागू)
घोषणा के साथ ही पूरे सभागार में तालियों की गूंज उठी और महाविद्यालय परिवार में उत्साह का संचार हो गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. ज्योत्सना द्विवेदी ने सभी का आभार प्रकट किया।


