उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने जिला अस्पताल में चार नई स्वास्थ्य सुविधाओं का किया लोकार्पण
रीवा।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने रविवार को कुशाभाऊ ठाकरे जिला चिकित्सालय रीवा में चार महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है और आने वाले समय में अस्पताल का और विस्तार कर आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उप मुख्यमंत्री ने यूनिसेफ के सहयोग से स्थापित मातृ-नवजात शिशु देखभाल यूनिट (MNCU) का शुभारंभ किया। इस यूनिट में जन्म के समय गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे नवजात शिशुओं एवं उनकी माताओं को भर्ती कर विशेष उपचार उपलब्ध कराया जाएगा
इसके साथ ही उन्होंने गर्भ संस्कार यूनिट का भी लोकार्पण किया। इस यूनिट में गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच के साथ योग, ध्यान, संगीत चिकित्सा, मानसिक स्वास्थ्य तथा सात्विक एवं पौष्टिक आहार संबंधी परामर्श दिया जाएगा, जिससे सुरक्षित मातृत्व और स्वस्थ शिशु जन्म को बढ़ावा मिलेगा।

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि रीवा में स्वास्थ्य सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। जिला अस्पताल में शीघ्र ही नई ओपीडी भवन सहित अन्य निर्माण कार्य पूर्ण कराकर मरीजों को और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने कहा कि इन नई इकाइयों के शुरू होने से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए डॉक्टरों और चिकित्सा कर्मियों की भर्ती के साथ आवश्यक आधुनिक उपकरणों की भी व्यवस्था की जा रही है।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. प्रतिभा मिश्रा ने जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी, जबकि प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. बीनू सिंह ने गर्भ संस्कार यूनिट की कार्यप्रणाली और इसके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला।


